Headlines

बगीचे की रखवाली कर रहे वृद्ध की रॉड से पीटकर हत्या, गांव में पसरा मातम।

बगहा | मोहम्मद इम्तियाज | SKN भारत – सच की नज़र


बेतिया के नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत चखनी गांव में बगीचे की रखवाली कर रहे एक वृद्ध की बेरहमी से हत्या कर दिए जाने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान चखनी निवासी 60 वर्षीय दुर्योधन साहू उर्फ कसैली साहू के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, दुर्योधन साहू मंगलवार की रात भोजन करने के बाद घर से कुछ दूरी पर स्थित आम के बगीचे में रखवाली करने गए थे। बुधवार सुबह उनका शव मिलने की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। ग्रामीणों का आरोप है कि अज्ञात अपराधियों ने लोहे की रॉड से हमला कर उनकी हत्या कर दी।
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया।
मृतक के भतीजे खुशबीर कुमार ने बताया कि उनके चाचा रात करीब आठ बजे खाना खाने के बाद बगीचे में गए थे, लेकिन सुबह उनकी हत्या की खबर मिली। मृतक अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।
एसडीपीओ निहार भूषण ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है तथा अपराधियों की पहचान कर शीघ्र गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज कर दी गई है।
घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द मामले का खुलासा कर दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
— SKN भारत | सच की नज़र

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *