Headlines

बरहट के विद्यालय में ‘सखी वार्ता’ कार्यक्रम आयोजित, छात्राओं को महिला सुरक्षा, अधिकार और हेल्पलाइन की दी गई जानकारी।

बरहट में ‘सखी वार्ता’ कार्यक्रम: छात्राओं को महिला सुरक्षा, अधिकार और हेल्पलाइन की दी गई जानकारी

जमुई के बरहट प्रखंड स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय भदवरिया में आयोजित ‘सखी वार्ता’ कार्यक्रम में छात्राओं को महिला सुरक्षा, मिशन शक्ति, वन स्टॉप सेंटर और सरकारी हेल्पलाइन की विस्तृत जानकारी दी गई।

जमुई, 2 जुलाई: महिलाओं और किशोरियों को उनके अधिकारों, सुरक्षा और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को बरहट प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय, भदवरिया में ‘सखी वार्ता’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं एवं महिलाओं को आत्मनिर्भर, जागरूक और सुरक्षित समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना था।कार्यक्रम के दौरान मिशन शक्ति के अंतर्गत संचालित जिला हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वीमेन (DHEW) की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। वक्ताओं ने बताया कि यह पहल महिलाओं और बालिकाओं तक शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, कौशल विकास, वित्तीय साक्षरता, स्वरोजगार, सामाजिक सुरक्षा, कानूनी सहायता तथा डिजिटल सशक्तिकरण जैसी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए संचालित की जा रही है।कार्यक्रम में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के उद्देश्यों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। छात्राओं को शिक्षा, समान अवसर और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया। वहीं वन स्टॉप सेंटर की टीम ने महिलाओं को हिंसा की स्थिति में मिलने वाली चिकित्सा, कानूनी, पुलिस, मनोसामाजिक परामर्श और अस्थायी आश्रय जैसी सुविधाओं की जानकारी दी।इस दौरान महिला सुरक्षा, लैंगिक समानता, साइबर सुरक्षा, वित्तीय साक्षरता, घरेलू हिंसा से संरक्षण, बाल विवाह एवं दहेज प्रथा जैसी सामाजिक कुरीतियों की रोकथाम पर भी जागरूक किया गया। प्रतिभागियों को बताया गया कि किसी भी आपात स्थिति में महिला हेल्पलाइन 181, आपातकालीन सेवा 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 तथा साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क कर तत्काल सहायता प्राप्त की जा सकती है।कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला मिशन समन्वयक मुकेश कुमार, वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ विकाश कुमार, वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक पूनम कुमारी तथा मनोसामाजिक परामर्शी शालू सिन्हा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बनाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *