तीसरे प्रयास में सृष्टि राज ने फतह की नीट-यूजी 2026, 577 अंक के साथ डॉक्टर बनने का सपना होगा साकार।

दो बार मिली असफलता, लेकिन हिम्मत नहीं हारी; टेलवा बाजार की बेटी बनी युवाओं के लिए प्रेरणा

सिमुलतला (जमुई)। दृढ़ संकल्प, अनुशासन और निरंतर मेहनत के दम पर टेलवा बाजार की होनहार बेटी सृष्टि राज ने नीट-यूजी 2026 परीक्षा में शानदार सफलता हासिल की है। उन्होंने 577 अंक प्राप्त कर अपनी श्रेणी में 8107वीं रैंक हासिल की है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार ही नहीं, पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।सृष्टि ने प्लस टू हाई स्कूल, टेलवा बाजार से 10वीं और 12वीं की परीक्षा 85 प्रतिशत अंकों के साथ स्कूल टॉपर के रूप में उत्तीर्ण की थी। हालांकि, नीट के शुरुआती दो प्रयासों में उन्हें सफलता नहीं मिली। इस दौरान पिता राजदेव प्रसाद की अस्वस्थता और पढ़ाई में अपेक्षित अनुशासन की कमी के कारण वे लक्ष्य हासिल नहीं कर सकीं।असफलताओं से निराश होने के बजाय सृष्टि ने अपनी कमियों को पहचाना और उन्हें दूर करने का संकल्प लिया। उन्होंने राजकीय आयुर्वेद कॉलेज, पटना में प्रवेश लिया, लेकिन डॉक्टर बनने के अपने सपने को कभी नहीं छोड़ा। तीसरे और अंतिम प्रयास के रूप में उन्होंने नीट-यूजी 2026 की तैयारी पूरी लगन, अनुशासन और मेहनत के साथ की, जिसका परिणाम उनकी शानदार सफलता के रूप में सामने आया।सृष्टि ने अपनी सफलता का श्रेय माता रूबी देवी, पिता राजदेव प्रसाद, अपने शिक्षकों और अपने दृढ़ संकल्प को दिया। उन्होंने विश्वास जताया कि इस रैंक के आधार पर उन्हें एक अच्छा सरकारी मेडिकल कॉलेज मिलेगा। दो भाई-बहनों में सृष्टि बड़ी हैं, जबकि उनके छोटे भाई का नाम सक्षम कुमार है।सृष्टि का सपना एक संवेदनशील और कुशल डॉक्टर बनकर समाज की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और देश की सेवा करने का है। उनकी सफलता यह संदेश देती है कि असफलता अंत नहीं, बल्कि सफलता की नई शुरुआत होती है। मेहनत, धैर्य और आत्मविश्वास के बल पर हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *