जमुई में आयोजित सम्मान समारोह में उत्कृष्ट बैंक प्रबंधकों, जीविका कर्मियों और बैंक मित्र दीदियों को किया गया सम्मानित।

बिहार ग्रामीण बैंक–जीविका की समन्वय बैठक, ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण पर बना रोडमैप।

जमुई, 18 जुलाई। ग्रामीण विकास और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शनिवार को जमुई में बिहार ग्रामीण बैंक एवं जीविका के संयुक्त तत्वावधान में समन्वय बैठक सह सम्मान समारोह आयोजित किया गया। बैठक में जमुई और लखीसराय जिले के बैंक अधिकारियों एवं जीविका पदाधिकारियों ने बैंक लिंकेज को मजबूत करने और स्वयं सहायता समूहों तक समय पर ऋण उपलब्ध कराने की रणनीति तैयार की।कार्यक्रम का उद्घाटन जीविका के राज्य परियोजना प्रबंधक (बैंक लिंकेज) पुष्पेंद्र सिंह तिवारी, बिहार ग्रामीण बैंक के जोनल मैनेजर दीपक कुमार, क्षेत्रीय प्रबंधक अमरदीप, सीसीपीसी क्रेडिट मैनेजर अभिषेक कुमार, जमुई के डीपीएम संजय कुमार तथा लखीसराय की डीपीएम अनीता कुमारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।बैठक को संबोधित करते हुए पुष्पेंद्र सिंह तिवारी ने कहा कि जीविका और बैंकों की साझेदारी से लाखों ग्रामीण महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं। उन्होंने अधिकारियों को बेहतर समन्वय के साथ समूहों की महिलाओं को व्यक्तिगत ऋण उपलब्ध कराने और ऋण की समयबद्ध वापसी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।बिहार ग्रामीण बैंक के जोनल मैनेजर दीपक कुमार ने कहा कि बैंक जीविका समूहों के बैंक लिंकेज को और मजबूत करेगा तथा नए समूहों को भी शीघ्र बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ा जाएगा।कार्यक्रम में नारीशक्ति जीविका संकुल संघ की अध्यक्ष रीना रानी एवं उपकार संकुल संघ की अध्यक्ष बिंदु देवी ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि जीविका से जुड़ने के बाद ग्रामीण महिलाओं के जीवन में बड़ा बदलाव आया है और वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनी हैं।समारोह के अंत में उत्कृष्ट कार्य करने वाले बिहार ग्रामीण बैंक के शाखा प्रबंधकों, जीविका कर्मियों एवं बैंक मित्र दीदियों को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। बैठक में जमुई एवं लखीसराय के बैंक अधिकारियों, जीविका कर्मियों, संकुल संघ की अध्यक्षों और बैंक मित्रों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *