सावन की पहली सोमवारी पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब।

हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा सिमुलतला, सुबह से पूजा-अर्चना के लिए लगी श्रद्धालुओं की कतार

सिमुलतला/जमुई। सावन मास की पहली सोमवारी पर सोमवार को सिमुलतला क्षेत्र पूरी तरह शिवमय नजर आया। सुबह से ही शिवालयों और देवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। महिला, पुरुष और बच्चे बड़ी संख्या में भगवान भोलेनाथ के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे। मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष से गूंजता रहा।सिमुलतला बाजार स्थित शिवालय में अहले सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। भक्तों ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर बेलपत्र, फूल, फल और अन्य पूजन सामग्री अर्पित की। कई श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की।गांव-गांव के शिवालयों में भी रही रौनकसिमुलतला बाजार के अलावा लट्टू पहाड़, खुरंडा के त्रिशूली मंदिर, टेलवा बाजार के मध्य विद्यालय परिसर तथा बड़ुआ नदी तट स्थित शिवालयों में भी श्रद्धालुओं की अच्छी-खासी भीड़ रही। नागवे, असहना, ढोढरी, सियांटांड़, तरौन और लहावन क्षेत्र के दर्जनों शिवालयों में भी सुबह से ही पूजा-अर्चना का दौर चलता रहा।सोमवारी को लेकर मंदिरों की विशेष साफ-सफाई और सजावट की गई थी। सूर्योदय से पहले ही कई शिवालयों में पूजा शुरू हो गई। घंटियों की गूंज, अगरबत्ती की खुशबू और भक्ति गीतों के बीच पूरा इलाका भक्तिमय बना रहा।बाजार में भी दिखा सावन का असरसोमवारी के कारण सिमुलतला बाजार में भी चहल-पहल बढ़ गई। फल और पूजन सामग्री की दुकानों पर श्रद्धालुओं की भीड़ रही। फलों की मांग बढ़ने से बाजार में खरीदारी तेज रही। वहीं मिठाई दुकानों पर पेड़ा सहित विभिन्न फलाहारी मिठाइयों की बिक्री भी खूब हुई।सावन की पहली सोमवारी ने सिमुलतला में आस्था, भक्ति और बाजार—तीनों को एक साथ गुलजार कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *