Headlines

रानीगंज में होमगार्ड जवान के साथ मारपीट का आरोप, हालत बिगड़ने पर अररिया सदर अस्पताल रेफर।

थाना अध्यक्ष पर बुरी तरह मारपीट कर जख्मी करने का आरोप, होमगार्ड संगठन ने दी आंदोलन की चेतावनी

रानीगंज, 3 अगस्त 2026। रानीगंज थाना क्षेत्र में सोमवार को एक होमगार्ड जवान के साथ कथित तौर पर मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि रानीगंज थाना अध्यक्ष ने जवान के साथ बुरी तरह मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।घटना के बाद वहां मौजूद कुछ जवानों ने घायल होमगार्ड को तत्काल रानीगंज के नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच और उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उसे सदर अस्पताल अररिया रेफर कर दिया। फिलहाल घायल होमगार्ड का अररिया सदर अस्पताल में चिकित्सकों की देखरेख में इलाज चल रहा है। चिकित्सकों ने स्थिति को देखते हुए सीटी स्कैन और एक्स-रे कराने की भी सलाह दी है।घटना के बाद होमगार्ड जवानों में आक्रोश देखा जा रहा है। होमगार्ड संघ के अध्यक्ष बबलू झा ने घटना को गंभीर बताते हुए कहा कि किसी भी जवान के साथ इस तरह मारपीट किया जाना अपराध है। उन्होंने कहा कि यदि मामले में न्याय नहीं मिला तो संगठन आंदोलन और धरना-प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होगा।बबलू झा ने कहा कि न्याय के लिए संगठन स्तर पर जो भी कदम उठाना पड़ेगा, होमगार्ड जवान एकजुट होकर उठाएंगे।वहीं, घटना को लेकर पुलिस प्रशासन का पक्ष सामने आना अभी बाकी है। पुलिस का आधिकारिक पक्ष मिलने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *