
बिजली कनेक्शन दिलाने के नाम पर वसूली का आरोप, सत्यापन के बाद एसवीयू ने रंगे हाथ दबोचा।

पूर्णिया। विशेष निगरानी इकाई (एसवीयू) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गुरुवार को पूर्णिया में बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियर (जेई) समेत तीन कर्मचारियों को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई से बिजली विभाग में हड़कंप मच गया है।गिरफ्तार आरोपियों में जूनियर इंजीनियर भारत मलिक, टेक्नीशियन ग्रेड-1 पंकज कुमार मेहता तथा टेक्नीशियन ग्रेड-1 आशुतोष कुमार पांडेय शामिल हैं। तीनों पर बिजली कनेक्शन दिलाने के नाम पर आवेदक से रिश्वत मांगने का आरोप है।जानकारी के अनुसार, पीड़ित ने विशेष निगरानी इकाई से शिकायत की थी कि बिजली कनेक्शन के लिए विभागीय कर्मचारी रिश्वत की मांग कर रहे हैं। शिकायत मिलने के बाद एसवीयू ने आरोपों का सत्यापन कराया। शिकायत सही पाए जाने पर टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप बिछाया और कार्यालय में छापेमारी कर तीनों आरोपियों को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।एसवीयू ने तीनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद उनसे पूछताछ की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। इस कार्रवाई के बाद बिजली विभाग में अफरा-तफरी का माहौल है तथा अन्य कर्मचारियों में भी हड़कंप मच गया है।
