


सिमुलतला (जमुई)रक्षाबंधन के पावन अवसर पर घर-परिवार से दूर रहकर देश की सुरक्षा में तैनात जवानों को अपनों की कमी महसूस न हो, इस उद्देश्य से मारवाड़ी युवा मंच, झाझा सशक्ति शाखा की बहनों ने गुरुवार को सिमुलतला स्थित एसएसबी कैंप पहुंचकर जवानों के साथ रक्षाबंधन का त्योहार मनाया। इस दौरान बहनों ने जवानों के माथे पर तिलक लगाया, आरती उतारी, मिठाई खिलाई और उनकी कलाई पर राखी बांधकर दीर्घायु एवं सुख-समृद्धि की कामना की।इस आत्मीय और भावुक पल ने जवानों के चेहरों पर मुस्कान ला दी। शाखा अध्यक्ष रिंकू बंका ने कहा कि जवान अपने परिवार से दूर रहकर दिन-रात देश की रक्षा में जुटे रहते हैं। उनकी कलाई पर राखी बांधना बहनों के लिए परिवार के साथ त्योहार मनाने जैसा अनुभव रहा।उपाध्यक्ष पूनम सुल्तानिया ने इस आयोजन को यादगार बताते हुए कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के रिश्ते का पर्व नहीं, बल्कि प्रेम, विश्वास और सामाजिक एकजुटता का संदेश भी देता है। सचिव कंचन अग्रवाल एवं कोषाध्यक्ष सरिता बोहरा ने कहा कि जवानों की कलाई पर बांधी गई राखी उनके प्रति सम्मान, विश्वास और कृतज्ञता का प्रतीक

एसएसबी सिमुलतला समवाय प्रभारी प्रदीप कुमार वर्मन ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम जवानों का मनोबल बढ़ाते हैं और उन्हें परिवार से दूर रहने की कमी का एहसास कम होता है।रक्षासूत्र बंधवाने वाले जवान अक्षय पाल, जीत कुमार, रवि शर्मा, संजीव कुमार सिंह, संतोष उपाध्याय एवं गणेश कुमार राय ने कहा कि बहनों के हाथों राखी बंधवाकर उन्हें अपने घर-परिवार की याद तो आई, लेकिन इस आत्मीय आयोजन से परिवार से दूर होने का एहसास काफी कम हुआ।

कार्यक्रम के दौरान बहनों ने जय प्रकाश नारायण उच्च विद्यालय के अध्यक्ष सह ग्राम भारती सर्वोदय आश्रम के संचालक कुमार विमलेश, समाजसेवी प्रकाश यादव, विद्यालय के प्राचार्य बिपिन सिंह एवं शिक्षकों को भी रक्षासूत्र बांधा।कुमार विमलेश ने कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक समरसता, भाईचारे और राष्ट्रसेवा की भावना को मजबूत करते हैं। कार्यक्रम में एसएसबी जवानों, विद्यालय परिवार एवं मारवाड़ी युवा मंच की सदस्याओं की मौजूदगी रही।
