



(जमुई)। सिमुलतला स्थित अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्र सह हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर की बदहाल व्यवस्था को लेकर झाझा के पूर्व विधायक डॉ. रवीन्द्र प्रसाद यादव ने गहरी नाराजगी जताई। मंगलवार को स्वास्थ्य केंद्र के निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में चिकित्सकों की कमी और बुनियादी सुविधाओं के अभाव पर रोष व्यक्त करते हुए स्वास्थ्य विभाग से व्यवस्था में सुधार की मांग की।निरीक्षण के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए पूर्व विधायक ने बताया कि कुछ समय पहले सोशल मीडिया के माध्यम से एक स्थानीय नागरिक ने उन्हें सिमुलतला अस्पताल की बदहाली से अवगत कराया था। नागरिक ने अस्पताल की व्यवस्था में सुधार की गुहार लगाई थी। इसी के मद्देनजर वे मंगलवार को स्वास्थ्य केंद्र की वास्तविक स्थिति का जायजा लेने पहुंचे थे।डॉ. यादव ने कहा कि स्वास्थ्य केंद्र में नियमित एलोपैथिक चिकित्सकों की भारी कमी है। निरीक्षण के दौरान वहां केवल एक आयुष (होम्योपैथिक) चिकित्सक, एक एएनएम/नर्स और एक स्थानीय स्वास्थ्य कर्मी ही उपस्थित पाए गए। उन्होंने कहा कि अस्पताल में मरीजों को मिलने वाली बुनियादी एवं मौलिक सुविधाओं का भी अभाव है, जो बेहद चिंताजनक है।पूर्व विधायक ने कहा कि सिमुलतला क्षेत्र उनके और उनके पिता के कार्यक्षेत्र से जुड़ा रहा है। ऐसे में यहां के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने राज्य सरकार एवं स्वास्थ्य विभाग से मांग की कि शहरी क्षेत्रों में पदस्थापित चिकित्सकों को ग्रामीण और सुदूरवर्ती इलाकों के स्वास्थ्य केंद्रों में भी तैनात किया जाए, ताकि आम लोगों को समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सके।उन्होंने स्पष्ट किया कि सिमुलतला स्वास्थ्य केंद्र की समस्याओं को लेकर वे सिविल सर्जन, स्वास्थ्य विभाग के सचिव और स्वास्थ्य मंत्री से मुलाकात करेंगे। इस दौरान अस्पताल में चिकित्सकों की नियुक्ति, आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता और स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार के लिए ठोस कार्रवाई की मांग की जाएगी।पूर्व विधायक के निरीक्षण के बाद सिमुलतला स्वास्थ्य केंद्र की बदहाल व्यवस्था एक बार फिर चर्चा में है। अब क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि स्वास्थ्य विभाग इस दिशा में गंभीर पहल करेगा और अस्पताल में बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
