


जमुई। राज्य के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में शामिल सिमुलतला आवासीय विद्यालय में सोमवार को बिहार शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव (एसीएस) का संक्षिप्त दौरा चर्चा का विषय बना हुआ है। अपर मुख्य सचिव दोपहर 2:06 बजे बिना किसी औपचारिक प्रशासनिक काफिले के विद्यालय परिसर पहुंचे। करीब 40 मिनट तक चली समीक्षा बैठक के बाद वे 2:46 बजे विद्यालय से रवाना हो गए। हालांकि, इस महत्वपूर्ण दौरे के दौरान मीडिया कर्मियों को मुख्य द्वार पर ही रोक दिए जाने से कवरेज को लेकर असमंजस की स्थिति बनी रही।मीडिया कर्मियों को मुख्य द्वार पर ही रोका गयाअपर मुख्य सचिव के दौरे की जानकारी मिलने पर स्थानीय पत्रकार जब विद्यालय परिसर में कवरेज के लिए पहुंचे, तो सुरक्षा कर्मियों और विद्यालय कर्मचारियों ने उच्चाधिकारियों के निर्देशों का हवाला देते हुए उन्हें मुख्य द्वार पर ही रोक दिया।पत्रकारों का कहना है कि पूर्व में भी महत्वपूर्ण विभागीय दौरों के दौरान परिसर में प्रवेश को लेकर ऐसी स्थिति उत्पन्न हुई है। सरकारी शिक्षण संस्थान में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक के दौरान मीडिया की उपस्थिति और सूचना साझा करने की प्रक्रिया को लेकर स्थानीय मीडियाकर्मियों में असंतोष देखा गया।गुरुकुल मॉडल की कार्यप्रणाली पर अपर मुख्य सचिव ने मांगा जवाबसूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, विद्यालय परिसर में बंद कमरे में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान विद्यालय प्रशासन ने लैपटॉप और प्रोजेक्टर के माध्यम से शैक्षणिक उपलब्धियों एवं संस्थान की कार्यप्रणाली पर प्रस्तुति दी।प्रस्तुति में विद्यालय को गुरुकुल पद्धति पर आधारित बताया गया। इस पर अपर मुख्य सचिव ने अपने छात्र जीवन का उदाहरण देते हुए जानना चाहा कि सिमुलतला आवासीय विद्यालय की व्यवस्था सामान्य आवासीय विद्यालयों से किस प्रकार अलग है और यहां गुरुकुल मॉडल को व्यावहारिक रूप से किस तरह लागू किया जा रहा है।इस दौरान विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, उपलब्धियों और कार्यप्रणाली से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा हुई।स्वीकृत पदों के मुकाबले महज 36 शिक्षक कार्यरतसमीक्षा बैठक के दौरान विद्यालय में शिक्षकों की कमी का महत्वपूर्ण मुद्दा सामने आया। जानकारी के अनुसार, स्वीकृत शिक्षक पदों के मुकाबले विद्यालय में महज 36 शिक्षक ही कार्यरत हैं।शिक्षकों की कमी पर विभागीय स्तर से संज्ञान लेते हुए अविलंब अतिरिक्त शिक्षकों की पदस्थापना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, कार्य में शिथिलता बरतने अथवा अनधिकृत रूप से अनुपस्थित रहने वाले कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार तबादले की कार्रवाई करने की बात कही गई।विद्यालय जैसे प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान में शिक्षकों की कमी का मुद्दा सामने आने के बाद शैक्षणिक व्यवस्था को दुरुस्त करने की आवश्यकता एक बार फिर चर्चा में है।प्रस्तुति के अंतिम चरण में तकनीकी कठिनाईसूत्रों के मुताबिक, समीक्षा बैठक के दौरान प्रस्तुति के अंतिम चरण में अपर मुख्य सचिव ने कुछ विशिष्ट नीतिगत बिंदुओं को पीपीटी में शामिल करने का निर्देश दिया। हालांकि, तकनीकी स्तर पर तत्काल इन बिंदुओं को प्रस्तुति में शामिल करने में कठिनाई सामने आई।बताया जाता है कि समीक्षा बैठक के दौरान विद्यालय प्रशासन को शैक्षणिक उपलब्धियों के साथ-साथ संस्थान की वास्तविक कार्यप्रणाली और व्यवस्थागत चुनौतियों को भी प्रस्तुत करना था।बिना विस्तृत भौतिक निरीक्षण के रवाना हुए अपर मुख्य सचिवकरीब 40 मिनट की समीक्षा बैठक के बाद अपर मुख्य सचिव विद्यालय परिसर से रवाना हो गए। इस दौरान परिसर, छात्रावास और भोजनालय का विस्तृत भौतिक निरीक्षण नहीं किया गया।बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी ध्रनंजय पासवान, डीपीओ, विद्यालय के प्राचार्य शुभम शेखर सहित शिक्षक रंजय कुमार, पुष्पा कुमारी, बेबी कुमारी और अमर कुमार उपस्थित रहे।व्यवस्था सुधार की उम्मीद, मीडिया की भूमिका पर भी सवालअपर मुख्य सचिव का यह त्वरित दौरा सिमुलतला आवासीय विद्यालय में शिक्षकों की कमी दूर करने और शैक्षणिक व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने की दिशा में विभागीय प्रयासों को दर्शाता है।हालांकि, उच्चस्तरीय समीक्षा के दौरान मीडिया कर्मियों को प्रवेश नहीं दिए जाने का मामला भी महत्वपूर्ण है। सरकारी संस्थानों में पारदर्शिता, सूचना के संप्रेषण और मीडिया की भूमिका को लेकर यह घटनाक्रम कई सवाल खड़े करता है।अब देखना होगा कि समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों के बाद विद्यालय में शिक्षकों की कमी दूर करने और शैक्षणिक व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में कितनी तेजी से कार्रवाई होती है।
SKN Bharat Sach Ki Nazar | सिमुलतला, जमुई

