Headlines

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर योगमय हुआ सिमुलतला, स्कूलों, रेलवे स्टेशन और विभिन्न संस्थानों में हुए सामूहिक योग सत्र।

योगमय हुआ सिमुलतला: स्कूलों, रेलवे स्टेशन और विभिन्न संस्थानों में गूंजा स्वस्थ जीवन का संदेश”

सिमुलतला (जमुई)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शनिवार को सिमुलतला क्षेत्र में उत्साह और जागरूकता का अनूठा संगम देखने को मिला। सुबह की पहली किरण फूटने से पहले ही हर उम्र के लोग योग शिविरों में पहुंचने लगे और पूरा क्षेत्र योगमय वातावरण में सराबोर नजर आया।मुख्य कार्यक्रम राधा मेमोरियल एकेडमी स्कूल में विद्यालय प्रबंधन एवं एसएसबी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। एसएसबी के सहायक कमांडेंट विश्वजीत मौजूमदार के नेतृत्व में जवानों तथा स्कूली बच्चों ने अनुशासित ढंग से विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास किया। कार्यक्रम में योग के महत्व और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।वहीं जयप्रकाश नारायण उच्च विद्यालय में जमुई जिला पारा स्पोर्ट्स एसोसिएशन के बैनर तले विशेष योग शिविर का आयोजन किया गया। बीएनवाईएस विशेषज्ञ एवं योग एवं प्राकृतिक चिकित्सक डॉ. सृष्टि सरगम ने उपस्थित लोगों को विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया तथा योग के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि एक संपूर्ण जीवन पद्धति है। नियमित योगाभ्यास से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत होती है और व्यक्ति शारीरिक व मानसिक रूप से स्वस्थ रहता है।सिमुलतला रेलवे स्टेशन पर भी स्टेशन प्रबंधक अखिलेश कुमार के नेतृत्व में सहायक अवर निरीक्षक मृणाल कांति घोष सहित दर्जनों रेल कर्मियों ने सामूहिक योगाभ्यास कर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का संदेश जन-जन तक पहुंचाया।इसके अलावा उत्क्रमित मध्य विद्यालय खुरंडा, बथनावरण, सिमुलतला, बैद्यनाथ इंस्टीट्यूट ऑफ पारा मेडिकल साइंसेज समेत क्षेत्र के कई सरकारी एवं निजी संस्थानों में भी सामूहिक योग सत्र आयोजित किए गए।इस अवसर पर मुंगेर-जमुई को-ऑपरेटिव बैंक के उपाध्यक्ष श्रीकांत यादव, ग्राम भारती सर्वोदय आश्रम के संचालक कुमार विमलेश, राधा मेमोरियल एकेडमी के निदेशक दिवाकर सिंह, योग प्रशिक्षक अमित कुमार सहित एसएसबी, स्थानीय पुलिस प्रशासन, आरपीएफ के जवान एवं बड़ी संख्या में प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर सिमुलतला क्षेत्र में आयोजित इन कार्यक्रमों ने स्वस्थ जीवन, जागरूक समाज और योग के प्रति लोगों की बढ़ती आस्था का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *