Headlines

जमुई के युवाओं के हुनर से बदलेगी जिले की तस्वीर, बनेगा ‘लेबर प्रोफाइल पोर्टल।

कौशल विकास समिति की बैठक में डीएम का बड़ा फैसला, एकीकृत आवासीय प्रशिक्षण संस्थान की स्थापना की भी तैयारी।

जमुई। जिले के युवाओं की प्रतिभा और स्थानीय मानव संसाधन को रोजगार से जोड़ने की दिशा में जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल शुरू की है। जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में शुक्रवार को आयोजित जिला कौशल विकास समिति की बैठक में जिले के कुशल मानवबल का एकीकृत डेटाबेस तैयार करने के लिए ‘लेबर प्रोफाइल पोर्टल’ बनाने का निर्देश दिया गया। इसके माध्यम से स्थानीय कुशल कामगारों को जिले के साथ-साथ बाहरी नियोक्ताओं से भी सीधे जोड़ने की योजना है।बैठक में जिला कौशल विकास योजना 2026-27 की विस्तृत समीक्षा की गई। जिला नियोजन पदाधिकारी-सह-सदस्य सचिव ने बिहार कौशल विकास मिशन द्वारा तैयार योजना को समिति के समक्ष रखा। अधिकारियों ने जिले की जरूरत और रोजगार की संभावनाओं को देखते हुए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए।सोलर तकनीक से लेकर ट्रेड स्किल तक प्रशिक्षणजिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक ने CSR के माध्यम से युवाओं को ‘सोलर पावर प्लांट टेक्नीशियन’ जैसे आधुनिक तकनीकी क्षेत्रों में प्रशिक्षण देने का प्रस्ताव रखा। वहीं, श्रम अधीक्षक ने RPL कार्यक्रम के तहत फिटर, इलेक्ट्रिशियन और प्लंबर जैसे ट्रेड में कार्यरत कामगारों की दक्षता बढ़ाने तथा उन्हें टूलकिट योजना का लाभ दिलाने की कार्ययोजना प्रस्तुत की।डीएम ने स्पष्ट किया कि कौशल विकास की योजनाएं केवल कागजों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि उन्हें स्थानीय जरूरत और औद्योगिक मांग से जोड़ना होगा।स्कूलों में करियर काउंसलिंग होगी अनिवार्यविद्यार्थियों को भविष्य के रोजगार और करियर की सही दिशा देने के लिए जिला शिक्षा पदाधिकारी को सरकारी विद्यालयों में करियर काउंसलिंग और वोकेशनल गाइडेंस अनिवार्य रूप से संचालित कराने का निर्देश दिया गया।वहीं, ग्रामीण और सुदूरवर्ती इलाकों के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कृषि विज्ञान केंद्र को बकरी पालन और मधुमक्खी पालन जैसे आजीविका आधारित प्रशिक्षण कार्यक्रमों का विस्तार सोनो और चकाई जैसे सीमांत प्रखंडों तक करने की कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया।एकीकृत आवासीय प्रशिक्षण संस्थान की तैयारीबैठक में जिले में आधुनिक सुविधाओं से लैस ‘एकीकृत आवासीय प्रशिक्षण संस्थान’ स्थापित करने की दिशा में आवश्यक रूपरेखा तैयार करने का भी निर्देश दिया गया। जन शिक्षण संस्थान, आईटीआई, पॉलिटेक्निक कॉलेज और SBI RSETI को अपने प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों को बाजार की मौजूदा जरूरतों के अनुरूप अपडेट करने तथा प्रशिक्षण को अधिक से अधिक रोजगार एवं प्लेसमेंट आधारित बनाने को कहा गया।बैठक के अंत में जिला पदाधिकारी ने सभी सुझावों को समाहित कर जिला कौशल विकास योजना 2026-27 को अद्यतन करने और अंतिम स्वीकृति के लिए बिहार कौशल विकास मिशन को भेजने का निर्देश दिया।जिला पदाधिकारी ने कहा कि “जमुई का वास्तविक विकास तभी संभव है, जब उपलब्ध मानव क्षमता की पहचान कर उसका कुशल प्रबंधन किया जाए। जमुई की असल ताकत यहां के युवा हैं।” उन्होंने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि स्थानीय स्तर पर युवाओं की प्रतिभा को निखारकर उन्हें रोजगार और आत्मनिर्भरता के ठोस अवसरों से जोड़ा जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *