जमुई। जिले के युवाओं को रोजगार एवं कौशल विकास से जोड़ने के उद्देश्य से गुरुवार को संयुक्त श्रम भवन, सोनपे परिसर में जिला नियोजनालय, जमुई द्वारा एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम-सह-कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम युवा रोजगार एवं कौशल विकास विभाग, बिहार सरकार, पटना के तत्वावधान में आयोजित हुआ।कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य युवाओं को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न रोजगारपरक योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करना था। इस दौरान प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना (PMIS), राष्ट्रीय शिक्षुता प्रोत्साहन योजना (NAPS) तथा मुख्यमंत्री प्रतिज्ञा योजना (CM Pratigya) की विस्तृत जानकारी दी गई।कार्यक्रम का उद्घाटन उप विकास आयुक्त सुभाष चंद्र मंडल, बिहार कौशल विकास मिशन के समन्वयक संजय कुमार, मुख्यमंत्री प्रतिज्ञा योजना के डिमांड एग्रीगेशन स्पेशलिस्ट निशांत कुमार, प्रधानमंत्री इंटर्नशिप एवं नैप्स योजना के प्रतिनिधियों तथा जिला नियोजन पदाधिकारी शिखा राय सहित अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।अपने संबोधन में अधिकारियों और विषय विशेषज्ञों ने कहा कि वर्तमान समय में केवल शैक्षणिक ज्ञान ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि तकनीकी कौशल और व्यावहारिक अनुभव युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खोलते हैं। उन्होंने बताया कि इन योजनाओं के माध्यम से युवाओं को प्रतिष्ठित संस्थानों में प्रशिक्षण के साथ-साथ स्टाइपेंड का भी लाभ मिलता है।बिहार कौशल विकास मिशन के समन्वयक संजय कुमार ने स्थानीय शिक्षण एवं औद्योगिक संस्थानों से इन योजनाओं में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील करते हुए कहा कि इससे जिले के युवाओं को अपने क्षेत्र में ही बेहतर प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर उपलब्ध हो सकेंगे।कार्यक्रम के अंत में जिला नियोजन पदाधिकारी शिखा राय ने सभी अतिथियों, संस्थान प्रतिनिधियों एवं उपस्थित युवाओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन का संकल्प दोहराया।


