


10 प्रखंडों की सूचीबद्ध पंचायतों में लगे शिविर, डीएम-एसपी ने लाभुकों को सौंपे प्रमाणपत्र व स्वीकृति पत्र; पंचभुर झरना, गरही डैम, क्षत्रियकुंड व गिद्धेश्वर को जोड़ पर्यटन सर्किट विकसित करने की घोषणा।

Skn bharat sach ki nazar
जिले के सभी 10 प्रखंडों की सूचीबद्ध पंचायतों में मंगलवार को आयोजित ‘सहयोग शिविर’ केवल जन-समस्याओं के समाधान तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह प्रशासन और जनता के बीच विश्वास, जागरूकता एवं विकास का बड़ा मंच बनकर उभरा। जिला पदाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने सिकंदरा प्रखंड की मंजोश पंचायत तथा खैरा प्रखंड की बिशनपुर पंचायत में आयोजित शिविरों का निरीक्षण कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और पूर्व में स्वीकृत मामलों के लाभुकों को प्रमाणपत्र एवं स्वीकृति पत्र वितरित किए।शिविर में ‘साइबर मंगलवार’ अभियान के तहत विशेष स्टॉल लगाए गए, जहां साइबर अपराध से जुड़े मामलों के आवेदन लिए गए। नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से साइबर सुरक्षा, नशामुक्ति और सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाई गई।जनसभा को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने कहा कि ‘सहयोग पोर्टल’ के माध्यम से प्रत्येक वैध आवेदन का तय समय-सीमा में पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा। यदि कोई व्यक्ति जिला स्तर के समाधान से संतुष्ट नहीं है तो वह मुख्यमंत्री सहयोग पोर्टल के माध्यम से राज्य स्तर पर भी अपनी शिकायत दर्ज करा सकता है।डीएम ने खैरा क्षेत्र को भविष्य का पर्यटन केंद्र बताते हुए कहा कि पंचभुर झरना, गरही डैम, भगवान महावीर की जन्मस्थली क्षत्रियकुंड और गिद्धेश्वर शिव मंदिर को जोड़कर एक एकीकृत पर्यटन परिपथ विकसित किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से सकारात्मक व्यवहार अपनाने, अतिथि सत्कार की भावना विकसित करने और नक्सलवाद की पुरानी छवि को पीछे छोड़ पर्यटन को बढ़ावा देने की अपील की।पुलिस अधीक्षक ने साइबर ठगी के नए तरीकों से लोगों को सावधान करते हुए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 और संचार साथी पोर्टल के उपयोग की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मोबाइल, व्हाट्सएप और फेसबुक के माध्यम से होने वाली धोखाधड़ी से बचने के लिए जागरूकता ही सबसे बड़ा हथियार है। साथ ही युवाओं से अपने घर के बुजुर्गों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।एसपी ने कहा कि “नवीन एवं समृद्ध जमुई” का सपना तभी साकार होगा जब आम नागरिक शांति, भाईचारे और सकारात्मक व्यवहार के साथ प्रशासन का सहयोग करेंगे। यही परिवर्तन जिले को विकास की नई पहचान दिलाएगा।

