

टेलवा में गूंजा ‘जय जगन्नाथ’, सौ साल पुरानी रथयात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब।

सिमुलतला (जमुई)। सिमुलतला थाना क्षेत्र के टेलवा बाजार में गुरुवार को भगवान जगन्नाथ, बड़े भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा की भव्य रथयात्रा श्रद्धा, आस्था और उल्लास के साथ निकाली गई। एक शताब्दी से भी अधिक पुरानी इस धार्मिक परंपरा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। पूरे बाजार में “जय जगन्नाथ” और “हरे कृष्ण” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा।रथयात्रा शुरू होने से पहले नए ठाकुरबाड़ी परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से भगवान जगन्नाथ की पूजा-अर्चना की गई। सेवानिवृत्त शिक्षक एवं विद्वान पंडित पुरुषोत्तम पांडेय, महेश्वर पांडेय और श्यामा उर्फ कारू पांडेय की उपस्थिति में धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुआ। इसके बाद सुसज्जित रथ नए ठाकुरबाड़ी से रवाना होकर टेलवा बाजार का भ्रमण करते हुए दुर्गा मंदिर परिसर पहुंचा, जहां विशेष पूजा के साथ रथयात्रा का समापन हुआ।रथयात्रा के दौरान सड़क के दोनों ओर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। महिलाएं, पुरुष, बच्चे और बुजुर्ग भगवान के दर्शन के लिए घंटों इंतजार करते रहे। ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक वाद्ययंत्रों की धुन पर श्रद्धालु भक्ति में झूमते हुए रथ की रस्सी खींचते नजर आए। धार्मिक मान्यता के अनुसार भगवान जगन्नाथ के रथ को खींचना अत्यंत पुण्यदायी माना जाता है।सेवानिवृत्त शिक्षक पुरुषोत्तम पांडेय ने बताया कि टेलवा बाजार की यह रथयात्रा सौ वर्ष से भी अधिक पुरानी परंपरा है। इसकी शुरुआत स्वर्गीय सुरेश पांडेय ने की थी, जिसे आज भी पीढ़ी-दर-पीढ़ी श्रद्धा और उत्साह के साथ निभाया जा रहा है।इस वर्ष आयोजन को सफल बनाने में भवेश पांडेय, पप्पू पांडेय, अखिलेश्वर पांडेय, अरविंद पांडेय, विश्वकांत पांडेय, अग्निवेश पांडेय, चंद्रशेखर पांडेय, रूपेश, अभिषेक, सुधांशु सहित टेलवा बाजार के अनेक लोगों ने सक्रिय भूमिका निभाई। शांतिपूर्ण एवं भक्ति भाव से ओतप्रोत माहौल में रथयात्रा संपन्न हुई।
