

झाझा/जमुई:सिमुलतला थाना क्षेत्र के नागवे गांव में गुरुवार दोपहर बारिश के कारण एक जर्जर पुराना सामुदायिक भवन अचानक ढह गया। पैक्स गोदाम के समीप स्थित यह भवन लगभग 30 से 35 साल पुराना था। भवन ढहने से उसके मलबे के नीचे 45 वर्षीय महिला भुनवा देवी और तीन मवेशी दब गए। घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए राहत व बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने जेसीबी (JCB) की मदद से मलबा हटाया और कड़ी मशक्कत के बाद महिला भुनवा देवी को सुरक्षित बाहर निकाला। सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची। इसके बाद घायल महिला को इलाज के लिए झाझा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। एक बछड़े की मौत, दो गायें गंभीर रूप से घायलइस हादसे में मलबे में दबे एक बछड़े की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो गायें गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल महिला के पति टेकलाल यादव ने बताया कि वे पिछले दस वर्षों से अपने मवेशियों को इसी जगह बांधते आ रहे थे। निर्माण की गुणवत्ता पर पहले से उठ रहे थे सवालग्रामीणों के अनुसार, लगभग तीन दशक पहले जब यह सामुदायिक भवन बनाया गया था, तभी इसकी निर्माण सामग्री और गुणवत्ता पर सवाल उठे थे। ढलाई के समय भी इसकी दीवार गिरने जैसी समस्याएं सामने आई थीं। पिछले दो दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण यह जर्जर ढांचा और कमजोर हो गया था तथा दो दिन पहले ही इसकी एक दीवार झुक गई थी। गांव में पास ही स्थित एक छायादार चबूतरे की छत की स्थिति भी काफी जर्जर हो चुकी है और उससे लगातार पानी टपक रहा है, जिससे भविष्य में किसी बड़े हादसे का खतरा बना हुआ है।
