सिमुलतला स्कूल में ‘नया सवेरा 3.0’ अभियान, मानव व्यापार के खिलाफ छात्रों को किया जागरूक

simultala news awasiy Vidyalay

थानाध्यक्ष रूबी कुमारी ने हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देकर संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल सूचना देने का किया आह्वान

सिमुलतला न्यूज़ । गुरुवार को सिमुलतला उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय परिसर में ‘नया सवेरा 3.0’ जन-जागरूकता अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व सिमुलतला थानाध्यक्ष रूबी कुमारी ने किया। अभियान का उद्देश्य छात्रों को मानव व्यापार जैसे गंभीर अपराध के प्रति जागरूक करना तथा उनसे बचाव के उपायों की जानकारी देना था।कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्राचार्य सुधीर कुमार के स्वागत संबोधन से हुई। उन्होंने इस अभियान को छात्रों के लिए अत्यंत उपयोगी बताते हुए पुलिस की इस पहल की सराहना की।अपने संबोधन में थानाध्यक्ष रूबी कुमारी ने मानव व्यापार के विभिन्न स्वरूपों, इसके खतरों और बचाव के उपायों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि मानव व्यापार में यौन शोषण, बंधुआ एवं जबरन श्रम, अंगों की तस्करी सहित कई प्रकार के अपराध शामिल हैं। उन्होंने छात्रों को जागरूक रहने, किसी भी लालच या झांसे में नहीं आने तथा संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत सूचना पुलिस को देने की अपील की।कार्यक्रम के दौरान छात्रों को जागरूकता पंपलेट भी दिखाया गया, जिसमें मानव व्यापार की पहचान, इससे बचाव के उपाय और नागरिकों की जिम्मेदारियों के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 तथा पुलिस आपातकालीन सेवा 112 की जानकारी देकर आवश्यकता पड़ने पर इनका उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।इस अवसर पर अवर निरीक्षक आयुषी भी पुलिस दल के साथ मौजूद रहीं। उन्होंने छात्रों से संवाद करते हुए पुलिस की सतर्कता और उनकी सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता का भरोसा दिलाया। विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी कार्यक्रम में भाग लिया और पुलिस-पब्लिक समन्वय की इस पहल की सराहना की।कार्यक्रम के अंत में छात्रों ने मानव व्यापार जैसे अपराधों के प्रति सतर्क रहने और समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। विद्यालय प्रशासन ने इसे विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक पहल बताते हुए सिमुलतला पुलिस का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *