Headlines

मुजफ्फरपुर अग्निकांड के बाद जमुई प्रशासन अलर्ट, अस्पतालों और होटलों का हुआ फायर ऑडिट।

जमुई, 06 जून 2026। मुजफ्फरपुर में हाल ही में हुई दर्दनाक अग्निकांड की घटना के बाद जमुई जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिला पदाधिकारी नवीन कुमार के निर्देश पर शनिवार को जिले के विभिन्न अस्पतालों और होटलों में विशेष फायर ऑडिट अभियान चलाया गया।जिला समादेष्टा सह जिला अग्निशमन पदाधिकारी के नेतृत्व में गठित टीम ने जिले के कई महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान होटल नीरज इंटरनेशनल, होटल मनोज पैलेस, जमुई चिल्ड्रेन हॉस्पिटल, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बरहट तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लक्ष्मीपुर में अग्निशमन सुरक्षा व्यवस्था की गहन जांच की गई।निरीक्षण के दौरान अग्निशामक यंत्रों की वैधता, आपातकालीन निकास द्वारों की स्थिति, पानी की उपलब्धता तथा अन्य सुरक्षा उपकरणों की कार्यशीलता का परीक्षण किया गया। अधिकारियों ने संबंधित प्रबंधकों और कर्मचारियों को आग लगने जैसी आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।जिला अग्निशमन पदाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि जनता और मरीजों की सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। यदि किसी भी अस्पताल, होटल या अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान में अग्निशमन नियमों की अनदेखी पाई गई तो संबंधित संचालकों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।जिला प्रशासन ने सभी संस्थानों से अपील की है कि वे अपने सुरक्षा उपकरणों की नियमित जांच कर उन्हें दुरुस्त रखें, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना को समय रहते रोका जा सके।रिपोर्ट: सच की नज़र, जमुई

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *