जमुई। बिहार सरकार की जन-कल्याणकारी एवं महत्वाकांक्षी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े जरूरतमंद लोगों तक सीधे एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाने के उद्देश्य से जिले के विभिन्न पंचायतों में आयोजित ‘सहयोग शिविर’ का शुक्रवार को जमुई लोकसभा क्षेत्र के सांसद अरुण भारती तथा सिकंदरा विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रफुल्ल मांझी ने निरीक्षण कर प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने आम लोगों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी भी प्राप्त की।बरहट प्रखंड की नुमर पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर के निरीक्षण के दौरान सांसद अरुण भारती ने राज्य सरकार की इस महत्वपूर्ण पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम आम जनता के लिए अत्यंत उपयोगी साबित हो रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को सीधे लोगों तक पहुंचाने का यह एक प्रभावी माध्यम है, जिससे प्रशासन और जनता के बीच की दूरी कम हुई है तथा लोगों की समस्याओं का त्वरित एवं ऑन-द-स्पॉट समाधान संभव हो रहा है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रयास लोकतांत्रिक व्यवस्था में आमजन के विश्वास को और मजबूत करेंगे।वहीं, खैरा प्रखंड के गढ़ी एवं हरखार पंचायत में आयोजित सहयोग शिविरों का निरीक्षण सिकंदरा विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रफुल्ल मांझी ने किया। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन करते हुए प्राप्त आवेदनों के पंजीकरण, ऑनलाइन प्रविष्टि एवं ऑन-द-स्पॉट निष्पादन की प्रगति की समीक्षा की।निरीक्षण के दौरान विधायक ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि वे पूरी संवेदनशीलता, तत्परता और निष्ठा के साथ कार्य करें, ताकि शिविर में आने वाले प्रत्येक योग्य एवं जरूरतमंद लाभुक को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराया जा सके।SKN Bharat – सच की नज़र
