Headlines

जमीन विवाद में युवक की संदिग्ध मौत, हत्या का आरोप; दो नामजद भतीजे फरार।

जमुई मर्डर मिस्ट्री: आत्महत्या या सोची-समझी साजिश? अमीन के पहुंचने से पहले प्रमोद कुशवाहा की संदिग्ध मौत से हड़कंप।

जमुई। सिमुलतला थाना क्षेत्र के गादी टेलवा गांव में सोमवार सुबह 45 वर्षीय प्रमोद उर्फ गोरेलाल कुशवाहा का शव उनके घर के समीप स्थित गोशाला में संदिग्ध अवस्था में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों के अनुसार शव फंदे से लटका हुआ था, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।घटना की सूचना मिलते ही सिमुलतला थानाध्यक्ष रूबी कुमारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। वहीं, एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए और जांच शुरू कर दी।मृतक की पत्नी बबीता देवी और पुत्री करीना भारती ने मृतक के भतीजों अरविंद महतो उर्फ पप्पू और चुलबुल महतो पर गला दबाकर हत्या करने तथा मामले को आत्महत्या का रूप देने का आरोप लगाया है। परिजनों के अनुसार, जमीन बंटवारे को लेकर परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था। रविवार को पंचायत के माध्यम से मामले का समाधान करने का प्रयास किया गया था, लेकिन आरोपितों ने पंचायत के फैसले को मानने से इनकार कर दिया था।परिजनों का कहना है कि सोमवार को अमीन द्वारा जमीन की पैमाइश होनी थी, लेकिन उससे पहले ही प्रमोद कुशवाहा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद दोनों नामजद आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।थानाध्यक्ष रूबी कुमारी ने बताया कि शव वास्तव में फंदे से लटका हुआ था या किसी ने उसे नीचे उतारकर पुलिस को सूचना दी, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो पाएगा। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए जमुई भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।एसकेएन भारत (सच की नजर)रिपोर्ट :बाबर अंसारी जमुई

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *