जमुई। बिहार सरकार के “विकसित भारत – समृद्ध बिहार” संकल्प को गांव-गांव तक पहुंचाने के उद्देश्य से आज (रविवार) जिले की सभी ग्राम पंचायतों में ‘पंचायत विकास दिवस’ का आयोजन किया जाएगा। इस विशेष अभियान के तहत सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक सभी पंचायत सरकार भवनों एवं सार्वजनिक स्थलों पर विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन होगा, जिसमें ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी रहेगी।कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण और जनप्रतिनिधि एक साथ बैठकर प्रधानमंत्री के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का सीधा प्रसारण सुनेंगे। इसके बाद उत्कृष्ट कार्य करने वाली पंचायतों के विकास मॉडल पर आधारित एक विशेष वीडियो का प्रदर्शन भी किया जाएगा, ताकि अन्य पंचायतें भी प्रेरणा लेकर विकास की दिशा में आगे बढ़ सकें।इस अभियान की निगरानी के लिए जिले के प्रभारी मंत्री जमुई प्रखंड के गरसंडा पंचायत सरकार भवन पहुंचकर कार्यक्रम का निरीक्षण करेंगे। वहीं जिले के प्रभारी सचिव काकन स्थित महावीर पुस्तकालय में आयोजित कार्यक्रम का जायजा लेकर व्यवस्थाओं की समीक्षा करेंगे।’पंचायत विकास दिवस’ के दौरान स्थानीय स्तर पर सतत विकास के 9 प्रमुख आयामों पर विस्तार से चर्चा होगी। इनमें गरीबी उन्मूलन, रोजगार सृजन, स्वस्थ एवं बाल हितैषी पंचायत, जल संरक्षण, स्वच्छता, हरित वातावरण, सुशासन, सामाजिक न्याय, महिला सशक्तिकरण तथा आत्मनिर्भर बुनियादी ढांचे के विकास जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल हैं। इन बिंदुओं पर भविष्य की कार्ययोजना भी तैयार की जाएगी।जिला प्रशासन ने सभी त्रिस्तरीय पंचायत प्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने-अपने पंचायत भवनों में समय पर पहुंचकर इस जनभागीदारी आधारित अभियान का हिस्सा बनें और अपने गांव के समग्र विकास में सक्रिय भूमिका निभाएं।

आज जमुई की हर पंचायत में गूंजेगा विकास का संकल्प, मनाया जाएगा ‘पंचायत विकास दिवस’
