जमुई: ‘सखी वार्ता’ में विद्यार्थियों ने ली बाल विवाह रोकने की शपथ, महिला सुरक्षा योजनाओं की दी गई जानकारी।

झाझा के केशोपुर विद्यालय में ‘सखी वार्ता’, बाल विवाह उन्मूलन का लिया गया सामूहिक संकल्प।

जमुई, 8 जुलाई। महिला एवं बाल विकास निगम, जमुई के अंतर्गत जिला हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वीमेन द्वारा बुधवार को झाझा प्रखंड के केशोपुर स्थित +2 K.H.B.H.S. विद्यालय में ‘सखी वार्ता’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को बाल विवाह उन्मूलन, महिला सशक्तिकरण, लैंगिक समानता और शिक्षा के प्रति जागरूक करना था।कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने बाल विवाह जैसी सामाजिक कुप्रथा को समाप्त करने की सामूहिक शपथ ली। अधिकारियों ने विद्यार्थियों को बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006 के प्रावधानों की जानकारी देते हुए बताया कि बाल विवाह न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि इससे बच्चों के भविष्य पर भी गंभीर प्रभाव पड़ता है। साथ ही किशोरियों की शिक्षा, आत्मनिर्भरता और अधिकारों के महत्व पर विशेष बल दिया गया।इस अवसर पर मिशन शक्ति के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की भी जानकारी दी गई। छात्र-छात्राओं को वन स्टॉप सेंटर, महिला हेल्पलाइन (181), घरेलू हिंसा से संरक्षण, महिलाओं के कानूनी अधिकार, मुख्यमंत्री बालिका प्रोत्साहन योजना, साइकिल एवं पोशाक योजना, छात्रवृत्ति योजनाओं, करियर मार्गदर्शन तथा डिजिटल सुरक्षा के बारे में विस्तार से बताया गया।कार्यक्रम में आपातकालीन सेवाओं के हेल्पलाइन नंबरों—महिला हेल्पलाइन (181), चाइल्ड हेल्पलाइन (1098), आपातकालीन सेवा (112), पुलिस (100), एम्बुलेंस (108) और साइबर हेल्पलाइन (1930)—के उपयोग की जानकारी भी दी गई, ताकि जरूरत पड़ने पर विद्यार्थी समय रहते सहायता प्राप्त कर सकें।कार्यक्रम में जिला मिशन समन्वयक मुकेश कुमार, वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ विकाश कुमार, केंद्र प्रशासक पूनम कुमारी, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने बाल विवाह, दहेज प्रथा और लैंगिक भेदभाव जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता फैलाने तथा एक शिक्षित, सुरक्षित और सशक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *