सिमुलतला आवासीय विद्यालय में दो दिवसीय निःशुल्क नेत्र जांच शिविर, 150 विद्यार्थियों की हुई आंखों की जांच।

38 विद्यार्थियों को चश्मा बदलने की सलाह, अगले सप्ताह फिर लगेगा निःशुल्क नेत्र जांच शिविर।

सिमुलतला (जमुई)। विद्यार्थियों के बेहतर स्वास्थ्य और नेत्र सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सिमुलतला आवासीय विद्यालय परिसर में 15 और 16 जुलाई को दो दिवसीय निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का सफल आयोजन किया गया। सीएसआर के सहयोग से आयोजित इस शिविर में कक्षा 8 एवं 9 के लगभग 150 छात्र-छात्राओं की आंखों की विस्तृत जांच की गई।शिविर में पहुंचे विशेषज्ञ नेत्र चिकित्सकों ने विद्यार्थियों की आंखों की जांच के साथ-साथ डिजिटल उपकरणों के अधिक उपयोग से आंखों पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दी। चिकित्सकों ने संतुलित आहार, हरी सब्जियों के सेवन और नियमित नेत्र परीक्षण की आवश्यकता पर भी जोर दिया।विद्यालय के प्राचार्य शुभम शेखर ने कहा कि विद्यार्थियों का स्वास्थ्य उनकी शिक्षा जितना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि विद्यालय में समय-समय पर ऐसे स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि छात्र-छात्राओं में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बनी रहे और किसी भी समस्या का समय पर निदान हो सके।शिविर का लाभ विद्यार्थियों के अलावा विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं और गैर-शैक्षणिक कर्मियों ने भी उठाया। जांच के दौरान 38 विद्यार्थियों को चश्मा बदलने की सलाह दी गई तथा जरूरतमंदों को निःशुल्क दवाइयां भी उपलब्ध कराई गईं।कार्यक्रम के समापन पर प्राचार्य ने सभी नेत्र चिकित्सकों का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि अगले सप्ताह भी विद्यालय में एक और निःशुल्क नेत्र जांच शिविर आयोजित किया जाएगा, ताकि शेष विद्यार्थियों एवं कर्मियों की भी आंखों की जांच की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *