
सिमुलतला आवासीय विद्यालय में 53 अभ्यर्थियों की मेडिकल जांच, जल्द शुरू होंगी नियमित कक्षाएं।

सिमुलतला (जमुई)। बिहार के प्रतिष्ठित सिमुलतला आवासीय विद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-28 के लिए कक्षा 11वीं की नामांकन प्रक्रिया के तहत आयोजित दो दिवसीय विशेष मेडिकल जांच एवं काउंसलिंग शिविर गुरुवार को सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। शिविर के दूसरे दिन छात्राओं की उल्लेखनीय उपस्थिति रही और विद्यालय परिसर में पूरे दिन गहमागहमी का माहौल बना रहा।दूसरे दिन मेडिकल जांच और दस्तावेज सत्यापन के लिए 56 छात्राओं एवं 2 छात्रों को बुलाया गया था। इनमें से 51 छात्राएं और दोनों छात्र उपस्थित हुए। विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने सभी अभ्यर्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया, जबकि नामांकन समिति ने मूल प्रमाण पत्रों का बारीकी से सत्यापन किया।इससे पहले बुधवार को आयोजित शिविर के पहले दिन 79 अभ्यर्थियों (62 छात्र एवं 17 छात्राएं) को बुलाया गया था, जिनमें से 65 अभ्यर्थी उपस्थित हुए थे। सभी की मेडिकल जांच एवं दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से पूरी की गई।विद्यालय के प्राचार्य शुभम शेखर ने कहा कि सिमुलतला आवासीय विद्यालय केवल एक शिक्षण संस्थान नहीं, बल्कि बिहार की मेधा का गौरव है। उन्होंने कहा कि योग्य विद्यार्थियों का चयन पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ किया जा रहा है। इसी उद्देश्य से नामांकन से पहले स्वास्थ्य जांच और दस्तावेजों का गहन सत्यापन अनिवार्य किया गया है, ताकि विद्यालय की उत्कृष्ट शैक्षणिक परंपरा और अनुशासन कायम रहे।उन्होंने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब नए शैक्षणिक सत्र की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। विद्यालय प्रशासन का लक्ष्य है कि एक सप्ताह के भीतर सभी चयनित छात्र-छात्राओं का अंतिम नामांकन पूरा कर नियमित कक्षाएं शुरू कर दी जाएं, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई समय पर प्रारंभ हो सके।
