




Jmui news skn bharat शिवगंगा सरोवर और मेला परिसर का लिया जायजा, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभाओं को किया सम्मानित।

जमुई। सिकंदरा प्रखंड के महादेव सिमरिया स्थित पौराणिक बाबा धनेश्वर नाथ मंदिर में विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले का मंगलवार को विधिवत शुभारंभ हुआ। जिला पदाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने मंदिर में पूजा-अर्चना कर जिलेवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। उद्घाटन के बाद डीएम-एसपी ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मंदिर परिसर और पवित्र शिवगंगा सरोवर का निरीक्षण कर मेले की तैयारियों और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।इस दौरान खेल, कला, साहित्य समेत विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों और प्रतिभाओं को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम में अनुमंडल पदाधिकारी, उप विकास आयुक्त, भूमि उप समाहर्ता, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी समेत जिले के प्रबुद्धजन, कवि, साहित्यकार और समाजसेवी मौजूद रहे।आस्था का प्रमुख केंद्र है बाबा धनेश्वर नाथ धाममहादेव सिमरिया स्थित बाबा धनेश्वर नाथ मंदिर सदियों से आस्था, लोक परंपरा और आध्यात्मिक चेतना का प्रमुख केंद्र रहा है। इसे क्षेत्र में “बिहार का देवघर” भी कहा जाता है। सावन के पवित्र महीने में यहां भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए जमुई समेत आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और कांवरिए पहुंचते हैं।लोक मान्यता के अनुसार, गिद्धौर राजवंश के राजा पूरणमल की असीम भक्ति से प्रसन्न होकर भगवान विश्वकर्मा ने रातों-रात इस मंदिर का निर्माण किया था। वहीं धनवे गांव के कुंभकार धनेश्वर पंडित को मिले स्वयंभू शिवलिंग की पूजा में आज भी कुंभकार समाज की पारंपरिक भागीदारी देखने को मिलती है। मंदिर के चारों ओर फैली पवित्र शिवगंगा और सामने दिखाई देने वाली गिद्देश्वर पर्वत की चोटियां इस धार्मिक स्थल की प्राकृतिक एवं ऐतिहासिक सुंदरता को और बढ़ाती हैं।श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर व्यापक इंतजामइस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने जमुई की समृद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को नमन करते हुए कहा कि बाबा धनेश्वर नाथ धाम केवल धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि जिले की सांस्कृतिक आत्मा और लोगों की अटूट श्रद्धा का प्रतीक है। जिला प्रशासन का प्रयास है कि दूर-दराज से आने वाले प्रत्येक कांवरिए और श्रद्धालु को सुरक्षित, सुगम और आध्यात्मिक वातावरण उपलब्ध कराया जाए।श्रावणी मेले में श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए मेला परिसर में बैरिकेडिंग, पेयजल, मेडिकल कैंप, स्वच्छता व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती समेत सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं।जिला पदाधिकारी ने श्रद्धालुओं से मेले की गरिमा बनाए रखने, स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने और आपसी सौहार्द के साथ बाबा भोलेनाथ का दर्शन एवं पूजन करने की अपील की।
