


चकाई। प्रखंड क्षेत्र के गजही पंचायत अंतर्गत बरदघाटी गांव के लिए शुक्रवार का दिन गौरव और खुशी से भरा रहा। गांव के कमलेश वर्मा ने आजादी के बाद पहली बार सर्विस लिपिक के पद पर चयनित होकर न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे गांव का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से बरदघाटी गांव में खुशी की लहर है।कमलेश वर्मा की सफलता के उपलक्ष्य में गांव में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में चकाई प्रखंड प्रमुख उर्मिला देवी ने कमलेश वर्मा को माला पहनाकर एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इस दौरान उन्हें भारतीय संविधान की प्रति तथा बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।सम्मान से अभिभूत कमलेश वर्मा ने ग्रामीणों और समारोह में उपस्थित सभी लोगों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उनके लिए प्रेरणा का स्रोत है और वे अपने दायित्व का पूरी ईमानदारी एवं निष्ठा से निर्वहन करने का प्रयास करेंगे।

ग्रामीणों ने कहा कि कमलेश वर्मा की सफलता गांव के युवाओं के लिए प्रेरणा है। उन्होंने मेहनत, लगन और निरंतर प्रयास के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि उनकी सफलता से गांव के अन्य युवा भी शिक्षा तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रेरित होंगे।सम्मान समारोह में प्रमुख प्रतिनिधि अमीर दास, बहादुर वर्मा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने कमलेश वर्मा को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह के दौरान पूरे गांव में उत्साह और खुशी का माहौल बना रहा।बरदघाटी के लिए यह उपलब्धि सिर्फ एक युवक की सफलता नहीं, बल्कि गांव के युवाओं में नई उम्मीद और आगे बढ़ने के संकल्प की मिसाल बनकर सामने आई है।
