


जमुई: आज दिनांक 26.09.2026 को विकसित ग्राम पंचायत योजना (VGPP) विषय पर जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पदाधिकारी और उप विकास आयुक्त द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी, उप विकास आयुक्त, निदेशक (एन०ई०पी०), जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता, विभिन्न प्रखंडों के कार्यक्रम पदाधिकारी तथा प्रखंड कर्मी उपस्थित थे। इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य विकसित भारत-जी राम जी के तहत 375 प्रकार की योजनाओं में से स्थानीय आवश्यकताओं के अनुसार योजनाओं को चिन्हित कर विकसित ग्राम पंचायत प्लान (VGPP) तैयार करना है। इस तैयार प्लान को आगामी 02 अक्टूबर को आयोजित होने वाली ग्राम सभा में पारित कराया जाएगा। इस पहल के तहत मुख्य रूप से जल सुरक्षा से संबंधित 128 योजनाएं, ग्रामीण आधारभूत संरचना से संबंधित 111 योजनाएं, आजीविका से संबंधित 98 योजनाएं तथा मौसम अनुकूलन से संबंधित 38 प्रकार की योजनाओं पर कार्य किया जाना निर्धारित है। प्रशिक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने अपने प्रारंभिक उद्बोधन में कार्यक्रम पदाधिकारियों, कार्यपालक अभियंताओं, कनीय अभियंताओं एवं पंचायत तकनीकी सहायकों को स्थानीय आवश्यकताओं के अनुकूल योजनाओं का चयन करने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिक से अधिक मानव दिवसों के सृजन के साथ-साथ परिसंपत्तियों के निर्माण पर विशेष बल दिया। पेयजल समस्या के समाधान हेतु विशेष रूप से कार्यक्रम पदाधिकारी अलीगंज एवं चकाई को प्राथमिकता के आधार पर योजनाओं का चयन एवं क्रियान्वयन करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही, वर्ष 2047 तक ग्राम पंचायतों को आत्मनिर्भर बनाने और ग्रामीणों की आजीविका में सुधार लाने के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए स्थानीय भागीदारी सुनिश्चित करने पर ज़ोर दिया गया। उप विकास आयुक्त ने विकसित ग्राम पंचायत प्लान तैयार करने तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में सभी तकनीकी पहलुओं पर विशेष ध्यान देने की बात कही। इस जिला स्तरीय प्रशिक्षण के उपरांत अब प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर भी प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसमें जनप्रतिनिधियों एवं प्रखंड स्तरीय कर्मियों को योजनाओं के उद्देश्यों तथा तकनीकी जानकारियों से अवगत कराया जाएगा, साथ ही विकसित भारत-जी राम जी के तहत ली जाने वाली योजनाओं के प्रति ग्रामीणों को जागरूक भी किया जाएगा।

