Headlines

जमुई में 28 सितंबर से आयोजित होगी जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता, उत्कृष्ट खिलाड़ी प्रमंडल स्तर पर दिखाएंगे दम।

jamui news skn bharat

जमुई: जिला पदाधिकारी सह अध्यक्ष, आयोजन समिति जमुई के निदेशानुसार श्री कृष्णा सिंह स्टेडियम में चार दिवसीय जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 28 सितंबर से 1 अक्टूबर तक चलने वाले इस खेल महाकुंभ में जिले के वर्ग 6 से 12 तक के बालक एवं बालिका खिलाड़ी अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग में 15 विभिन्न खेल विधाओं में अपना जौहर दिखाएंगे। प्रतियोगिता की अनिवार्यता के अनुसार बिना निबंधन जमा किए खिलाड़ियों को भाग लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी।जिला खेल पदाधिकारी श्री परिमल ने प्रतियोगिता के प्रारूप की जानकारी देते हुए बताया कि पहले दिन 28 सितंबर को एथलेटिक्स, बैडमिंटन, वॉलीबॉल, शतरंज, योग और वुशू के मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। दूसरे दिन 29 सितंबर को फुटबॉल, कराटे, कुश्ती, कबड्डी (बालक वर्ग) तथा क्रिकेट के मैच होंगे। तीसरे दिन 30 सितंबर को कबड्डी (बालिका वर्ग), ताइक्वांडो (बालक वर्ग), खो-खो और क्रिकेट अंडर-17 की स्पर्धाएं होंगी। प्रतियोगिता के अंतिम दिन 1 अक्टूबर को रग्बी, ताइक्वांडो (बालिका वर्ग) और क्रिकेट अंडर-14 के मैच खेले जाएंगे।इस जिला स्तरीय आयोजन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा, जो आगे चलकर प्रमंडल स्तर पर जमुई जिले की आधिकारिक टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे। जिले के खिलाड़ियों को प्रमंडल स्तर पर श्रेष्ठ परिणाम दिलाने के उद्देश्य से सभी खेल प्रेमी, शारीरिक शिक्षा शिक्षक और खेल प्रशिक्षक पूरी लगन के साथ तैयारियों में जुटे हुए हैं। जिला स्तर पर विजयी एवं चयनित होने वाले सभी प्रतिभागियों को प्रोत्साहन स्वरूप मेडल, शील्ड, प्रमाण पत्र और जर्सी प्रदान की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *