जमुई, 13 जून। जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में जिला जल एवं स्वच्छता समिति की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में “लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान” एवं “स्वच्छ भारत मिशन-ग्रामीण” के तहत जिले में कचरा प्रबंधन की स्थिति की समीक्षा की गई तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमावली-2026 को सख्ती से लागू करने का निर्णय लिया गया।बैठक में हाल ही में संपन्न “स्वच्छ गाँव, सुरक्षित जलवायु अभियान” की सफलता पर चर्चा की गई। इस दौरान ग्रामीणों को मिशन लाइफ, ओडीएफ प्लस मॉडल गाँव तथा कचरा प्रबंधन के 4R और धूसर जल प्रबंधन के 3R सिद्धांतों के प्रति जागरूक करने पर विशेष बल दिया गया।जिला पदाधिकारी ने बताया कि अब जिले में प्रत्येक घर एवं प्रतिष्ठान के लिए कचरे का चार श्रेणियों—गीला, सूखा, सैनिटरी और घरेलू हानिकारक—में पृथक्कीकरण अनिवार्य होगा। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर मौके पर ही ‘स्पॉट फाइन’ लगाया जाएगा। खुले में कचरा जलाने, जमीन में गाड़ने अथवा जल स्रोतों में फेंकने वालों के विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी।बैठक में महादलित टोलों के शौचालय विहीन परिवारों को जीविका के माध्यम से ब्याज मुक्त सहायता उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया। साथ ही स्वच्छता कर्मियों के लंबित मानदेय भुगतान के लिए राशि हस्तांतरण को स्वीकृति दी गई तथा पंचायत स्तर पर संचालन एवं रखरखाव के लिए प्रशासनिक मंजूरी प्रदान की गई।डीएम ने 15वीं वित्त आयोग की टाइड ग्रांट राशि उपलब्ध नहीं कराने वाली पंचायतों पर नाराजगी जताते हुए त्वरित कार्रवाई की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि ‘प्रदूषक भुगतान करे’ के सिद्धांत के तहत स्वच्छता शुल्क की वसूली अनिवार्य होगी तथा वार्ड सदस्यों और जनप्रतिनिधियों की जवाबदेही तय की जाएगी।बैठक में बड़े पैमाने पर कचरा उत्पन्न करने वाले संस्थानों के लिए केंद्रीय ऑनलाइन पोर्टल पर पंजीकरण और परिसर में ही गीले कचरे के प्रसंस्करण को अनिवार्य करने का निर्देश दिया गया। साथ ही सभी विकास कार्यों और कचरा उठाव की प्रगति रिपोर्ट जियो-टैग्ड तस्वीरों के साथ डिजिटल माध्यम से भेजने के निर्देश दिए गए।बैठक के अंत में जिला पदाधिकारी ने पर्यावरण संरक्षण को “मिशन लाइफ” का मूल आधार बताते हुए आम जनता से स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।रिपोर्ट: SKN भारत (सच की नज़र)
#Jamui #SwachhBharatMission #LohiyaSwachhBiharAbhiyan #DMJamui #CleanIndia #BiharNews #SKNBharat #SachKiNazar #JamuiNews #MissionLiFE
