




संदीप कुमार सिंह | सिमुलतला, जमुई skn bharat संपादक
क्षतिग्रस्त सीढ़ियों पर डीएम सख्त, संवेदक को 48 घंटे में मरम्मत पूरी करने का अल्टीमेटम।

जमुई। पवित्र श्रावणी मेले को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कांवरियों और श्रद्धालुओं की यात्रा को सुगम, सुरक्षित एवं सुविधायुक्त बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से प्रसिद्ध पत्नेश्वर धाम मंदिर परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान मंदिर परिसर, नदी घाट, गर्भगृह तथा मुख्य पहुंच मार्गों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।निरीक्षण के दौरान नदी घाट से मंदिर तक जाने वाली क्षतिग्रस्त सीढ़ियों और आसपास फैली मिट्टी को देखकर जिलाधिकारी नाराज दिखे। उन्होंने संबंधित संवेदक को कड़ी चेतावनी देते हुए 48 घंटे के भीतर सीढ़ियों की मरम्मत, सुदृढ़ीकरण और परिसर की बेहतर सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि श्रावणी मेले के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं कांवरिया पत्नेश्वर धाम पहुंचेंगे। ऐसे में उनकी सुरक्षा और सुविधा से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कार्य में शिथिलता या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित संवेदक एवं जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने भीड़ नियंत्रण, गर्भगृह में दर्शन-पूजन की सुचारू व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, पर्याप्त रोशनी और श्रद्धालुओं के आवागमन से जुड़ी व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। प्रशासन ने मेले के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने पर जोर दिया।जिला प्रशासन की ओर से संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि श्रावणी मेले के दौरान पत्नेश्वर धाम आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
