सिमुलतला में बिना लाइसेंस ताजिया जुलूस पर ‘नो एंट्री’, डीजे और हथियारों के प्रदर्शन पर प्रशासन सख्त



सिमुलतला:
मुहर्रम के त्योहार के मद्देनजर सिमुलतला पुलिस ने सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपनी तैयारियाँ तेज कर दी हैं। थानाध्यक्ष रूबी कुमारी ने एक महत्वपूर्ण बैठक में दो टूक शब्दों में कहा कि बिना प्रशासनिक अनुमति या लाइसेंस के किसी भी परिस्थिति में ताजिया जुलूस निकालने की इजाजत नहीं दी जाएगी।
अभी तक क्षेत्र की करीब 30 ताजिया कमेटियों ने लाइसेंस के लिए आवेदन किया है। प्रशासन ने सभी कमेटियों के लिए रूट भी तय कर दिए हैं और यह स्पष्ट किया गया है कि सभी को तय रूट का ही पालन करना होगा। इस रूट में किसी भी तरह का बदलाव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
डीजे और हथियारों पर ‘नो टॉलरेंस’
त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने नो टॉलरेंस की नीति अपनाई है। इसके तहत जुलूस में डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। साथ ही, किसी भी प्रकार के तेज धारदार या पारंपरिक हथियारों के प्रदर्शन पर भी पूरी तरह से रोक लगा दी गई है।
थानाध्यक्ष रूबी कुमारी ने कहा कि मुहर्रम आपसी भाईचारे और शांति का पैगाम देता है। उन्होंने क्षेत्र के लोगों से अपील की कि वे अफवाह या उपद्रव फैलाने वाले असामाजिक तत्वों की सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस ऐसे उपद्रवियों से सख्ती से निपटेगी।
बैठक में ये रहे मौजूद
सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुई इस बैठक में जिला पार्षद प्रतिनिधि आलोक राज, कनौदी मुखिया प्रतिनिधि अताउल अंसारी, खुरंडा मुखिया प्रतिनिधि रामदेव यादव व प्रकाश यादव, पंचायत समिति सदस्य मो. सत्तार अंसारी, और विनोद पंडित शामिल रहे। इनके अलावा एसआई नीलम कुमारी, आयुषी और सीताराम यादव के साथ-साथ भारी संख्या में स्थानीय गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।
