72 घंटे में पुलिस का बड़ा खुलासा: अमरपुर डबल मर्डर कांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह।

बेगूसराय से दबोचा गया आरोपी, पूछताछ में पुरानी रंजिश का खुलासा; अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस— एसकेएन भारत | सच की नज़र

72 घंटे में डबल मर्डर कांड का खुलासा, मुख्य आरोपी गिरफ्तार।

बांका। अमरपुर थाना क्षेत्र में 5 जुलाई को हुए चर्चित डबल मर्डर कांड का बांका पुलिस ने महज 72 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड के मुख्य आरोपी सोमनाथ सिंह उर्फ सोम कुमार सिंह को बेगूसराय जिले के तेघड़ा थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने हत्या के पीछे पुरानी रंजिश को वजह बताया है।पुलिस के अनुसार, 5 जुलाई की शाम बलिया-पड़तल्लो मार्ग पर बाइक सवार गुंजन कुमार सिंह और सिद्धु कुमार की अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। दोहरे हत्याकांड से पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया।एसआईटी ने तकनीकी साक्ष्य, वैज्ञानिक जांच और लगातार छापेमारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने पुरानी दुश्मनी के कारण हत्या की साजिश रचने की बात स्वीकार की है।पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों, हथियार की आपूर्ति करने वालों तथा पूरे षड्यंत्र का पर्दाफाश करने के लिए छापेमारी जारी है। साथ ही गिरफ्तार आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *