




जमुई। युवाओं में तकनीकी नवाचार, स्वरोजगार और स्टार्टअप इकोसिस्टम को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्टार्टअप इंडिया के तत्वावधान में आयोजित राष्ट्रीय ‘तेजस इंडिया हैकथन’ का 24 घंटे बाद राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय, जमुई में भव्य समापन हुआ। प्रतियोगिता में देशभर से 260 से अधिक टीमों ने पंजीकरण कराया, जबकि बहुस्तरीय चयन प्रक्रिया के बाद शीर्ष 30 टीमों ने फाइनल मुकाबले में अपने नवोन्मेषी तकनीकी समाधान प्रस्तुत किए।प्रतियोगिता में बिहार के विभिन्न जिलों के अलावा पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, झारखंड तथा आईआईटी पटना जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने दैनिक जीवन की व्यावहारिक समस्याओं के समाधान के लिए आधुनिक तकनीक पर आधारित मॉडल और प्रोटोटाइप प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।कार्यक्रम के दौरान ‘स्टार्टअप बिहार’ के अंतर्गत ‘यू इनवॉल्व, रियल टाइम इमेज, एआर/वीआर’ के सफल उद्यमी ने विशेष सत्र में विद्यार्थियों के साथ अपनी उद्यमिता यात्रा साझा की। उन्होंने युवाओं को अपने तकनीकी विचारों को व्यावसायिक स्वरूप देने तथा एआर/वीआर जैसी आधुनिक तकनीकों के माध्यम से नए स्टार्टअप विकसित करने के लिए प्रेरित किया।

विशेषज्ञ निर्णायक मंडल के मूल्यांकन के बाद प्रतियोगिता में छह सर्वश्रेष्ठ टीमों का चयन किया गया। कोड क्राफ्टर्स ने प्रथम, एज फोर्ज ने द्वितीय तथा क्वांटम माइंड्स ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं लिगेसी कोडर्स चौथे, एग्जो हंटर पांचवें और सिंगुलैरिटी छठे स्थान पर रही।समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में जिला प्रशासन की ओर से जिला परिवहन पदाधिकारी सुनील कुमार, कार्यपालक अभियंता, जल संसाधन विभाग, महाप्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र सहित राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय के प्राचार्य एवं प्राध्यापक उपस्थित रहे। अधिकारियों एवं अतिथियों ने विजेता तथा प्रतिभागी टीमों को सम्मानित करते हुए उनके नवोन्मेषी प्रयासों की सराहना की।अधिकारियों ने युवाओं से तकनीकी नवाचार और उद्यमिता के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने का आह्वान किया। राष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन को जमुई के शैक्षणिक, तकनीकी एवं औद्योगिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।
