जनकवि मुकुट बिहारी सरोज सम्मान 2026 से सम्मानित होंगे गौहर रज़ा, 26 जुलाई को ग्वालियर में होगा समारोह।

प्रतिबद्ध कवि, लेखक और वैज्ञानिक दृष्टि के साहित्यकार गौहर रज़ा को जनकवि मुकुट बिहारी सरोज सम्मान 2026 से सम्मानित किया जाएगा। सम्मान समारोह 26 जुलाई को ग्वालियर में आयोजित होगा।

ग्वालियर। प्रतिबद्ध रचनाकार, कवि, लेखक और सामाजिक चिंतक गौहर रज़ा को जनकवि मुकुट बिहारी सरोज सम्मान 2026 से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान 26 जुलाई को ग्वालियर में आयोजित होने वाले समारोह में प्रदान किया जाएगा। इस वर्ष जनकवि मुकुट बिहारी सरोज का जन्मशताब्दी वर्ष भी है, इसलिए समारोह का विशेष महत्व माना जा रहा है।जनकवि मुकुट बिहारी सरोज स्मृति न्यास के अध्यक्ष महेश कटारे ‘सुगम’ और सचिव मान्यता सरोज ने बताया कि जूरी की सिफारिश पर गौहर रज़ा का चयन किया गया है। उन्होंने कहा कि विज्ञान की तार्किक दृष्टि को साहित्य से जोड़ने वाले गौहर रज़ा अपनी जनपक्षधर रचनात्मकता, वैज्ञानिक सोच और सामाजिक सरोकारों के लिए देशभर में सम्मानित हैं।शिक्षा और पेशे से इंजीनियर रहे गौहर रज़ा उर्दू और हिन्दुस्तानी के चर्चित कवि हैं। उन्होंने ‘जंग-ए-आज़ादी’ और ‘इंकलाब’ जैसी फिल्मों का लेखन किया है। उनकी चर्चित पुस्तकों में ‘मिथकों से विज्ञान तक’, ‘खामोशी’ तथा ‘जज़्बों की लौ तेज़ करो’ शामिल हैं। उनकी रचनाओं का अनेक भारतीय और विदेशी भाषाओं में अनुवाद हो चुका है।गौहर रज़ा को वर्ष 2001 में हिंदी अकादमी का क्रिएटिव लिटरेचर अवार्ड तथा वर्ष 1999 में यूनिवर्सिटी ग्रांट्स कमीशन का बेस्ट सब्जेक्ट एक्सपर्ट पुरस्कार मिल चुका है। इसके अलावा उन्हें अनेक राष्ट्रीय सम्मान भी प्राप्त हो चुके हैं।न्यास के अनुसार, जनकवि मुकुट बिहारी सरोज सम्मान 2026 के लिए गौहर रज़ा का चयन उनकी जनधर्मी, प्रगतिशील और रचनात्मक साहित्यिक यात्रा का सम्मान है।उल्लेखनीय है कि जनकवि मुकुट बिहारी सरोज स्मृति सम्मान से अब तक सीताकिशोर खरे, निर्मला पुतुल, निदा फ़ाज़ली, अदम गौंडवी, नरेश सक्सेना, राजेश जोशी, डॉ. सविता सिंह, कात्यायनी, विष्णु नागर, जसिंता केरकट्टा, यश मालवीय सहित देश के अनेक प्रतिष्ठित साहित्यकारों को सम्मानित किया जा चुका है।

जनकवि मुकुट बिहारी सरोज सम्मान 2026 से सम्मानित होंगे गौहर रज़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *