
साउथ बिहार एक्सप्रेस और मिथिला एक्सप्रेस के स्टॉपेज की मांग, सांसद ने 20 जुलाई की रेलवे बैठक में मुद्दा उठाने का दिया भरोसा।


सिमुळतला क्षेत्र के रेल यात्रियों की वर्षों पुरानी मांग को लेकर रविवार को एक महत्वपूर्ण पहल की गई। सिमुलतला के एक निजी संस्थान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जमुई के सांसद अरुण भारती को स्थानीय प्रबुद्ध नागरिकों ने सिमुलतला रेलवे स्टेशन पर दो महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की मांग संबंधी ज्ञापन सौंपा।जिला पार्षद प्रतिनिधि आलोक राज के नेतृत्व में संजय सिंह मांगू, मनोज कुमार यादव, ज्योतिष पंडा सहित क्षेत्र के दर्जनों गणमान्य लोगों ने सैकड़ों ग्रामीणों के हस्ताक्षरयुक्त आवेदन सांसद को सौंपा। ज्ञापन में ट्रेन संख्या 13287/13288 दुर्ग–आरा साउथ बिहार एक्सप्रेस तथा 13021/13022 हावड़ा–रक्सौल मिथिला एक्सप्रेस का सिमुलतला स्टेशन पर नियमित ठहराव सुनिश्चित करने की मांग की गई।स्थानीय लोगों का कहना है कि इन दोनों ट्रेनों का ठहराव होने से दैनिक यात्रियों, छात्रों, व्यापारियों और मरीजों को काफी सुविधा मिलेगी। साथ ही क्षेत्र में व्यापार, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।ज्ञापन प्राप्त करने के बाद सांसद अरुण भारती ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए कहा कि क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी को बेहतर बनाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि 20 जुलाई को होने वाली रेलवे की उच्चस्तरीय बैठक में सिमुलतला स्टेशन पर इन दोनों ट्रेनों के ठहराव की मांग को प्रमुखता से उठाया जाएगा और इसे पूरा कराने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।सांसद के आश्वासन के बाद स्थानीय लोगों में वर्षों पुरानी मांग पूरी होने की उम्मीद एक बार फिर मजबूत हुई है।

