सिमुलतला को उसका हक दिलाने के लिए करूंगा हर संभव प्रयास : परिवहन मंत्री दामोदर रावत
भव्य नागरिक अभिनंदन समारोह में उमड़ा जनसैलाब, सिमुलतला को प्रखंड बनाने की मांग हुई तेज
रिपोर्ट : बाबर अंसारी | SKN भारत – सच की नज़र
सिमुलतला (जमुई)। सिमुलतला क्षेत्र की जनता के अपार स्नेह और समर्थन से अभिभूत बिहार सरकार के परिवहन मंत्री सह झाझा विधायक दामोदर रावत ने रविवार को बड़ा राजनीतिक संकेत देते हुए कहा कि “जब भी बिहार सरकार नए प्रखंडों का गठन करेगी, मेरा पूरा प्रयास होगा कि सिमुलतला को उसका हक मिले।”
सिमुलतला बाजार में आयोजित भव्य नागरिक अभिनंदन समारोह में हजारों लोगों की मौजूदगी के बीच मंत्री ने यह घोषणा की। उनके आगमन पर पूरे बाजार क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। बंगाल से विशेष रूप से बुलाई गई ढोल-नगाड़ा टीम, पुष्प वर्षा, आतिशबाजी और जोरदार नारों के बीच मंत्री का स्वागत किया गया। भारी भीड़ के कारण सिमुलतला बाजार क्षेत्र में कई घंटों तक जाम की स्थिति बनी रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ राधा मेमोरियल एकेडमी की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत स्वागत गान से हुआ। इसके बाद परिवहन मंत्री को 51 किलो फूलों की विशाल माला पहनाकर सम्मानित किया गया। समारोह की अध्यक्षता शंभू कुमार गौतम ने की, जबकि मंच संचालन प्रकाश पंडित ने किया।
स्वास्थ्य, परिवहन और विकास पर सरकार का फोकस
अपने संबोधन में मंत्री दामोदर रावत ने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। बिहार के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को सुदृढ़ किया जा रहा है तथा डॉक्टरों की कमी दूर करने के लिए प्रत्येक जिले में मेडिकल कॉलेज स्थापित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि जमुई मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य भी तेजी से चल रहा है।
परिवहन क्षेत्र में हो रहे बदलावों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि बिहार के सभी प्रमंडलों में 50-50 इलेक्ट्रिक बसें चलाई जाएंगी, जिसका लाभ भविष्य में सिमुलतला क्षेत्र को भी मिलेगा। महिलाओं की सुरक्षित यात्रा के लिए शुरू की गई पिंक बस योजना की सराहना करते हुए उन्होंने बताया कि इस पहल के लिए भारत सरकार द्वारा विभाग को सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में बिहार राज्य पथ परिवहन निगम की लगभग एक हजार बसों के माध्यम से प्रतिदिन एक लाख से अधिक यात्रियों को सुविधा प्रदान की जा रही है। वहीं इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने पर सरकार 15 हजार रुपये से लेकर 2 लाख 15 हजार रुपये तक की सब्सिडी दे रही है।
एनएच-333ए से बदलेगी सिमुलतला की तस्वीर
मंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग 333-ए के निर्माण से सिमुलतला क्षेत्र सीधे राष्ट्रीय परिवहन नेटवर्क से जुड़ गया है, जिससे पर्यटन, व्यापार और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि राज्य में सड़क, बिजली, पानी, कानून व्यवस्था और आम लोगों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बनी रहेगी।
सिमुलतला को प्रखंड बनाने की मांग हुई मुखर
समारोह में उपस्थित स्थानीय नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने परिवहन मंत्री के समक्ष सिमुलतला को अविलंब प्रखंड का दर्जा देने, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में नियमित चिकित्सकों की तैनाती सुनिश्चित करने तथा टेलवा बाजार में लगने वाले भीषण जाम की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग प्रमुखता से उठाई।
कार्यक्रम को दिवाकर सिंह, घनश्याम लाल बरनवाल, महेंद्र सिंह, मनोहर पंडित, पप्पू बरनवाल, मुकेश राजहंस, श्रवण विश्वकर्मा सहित कई गणमान्य लोगों ने भी संबोधित किया।
भीषण गर्मी के बावजूद आयोजित इस ऐतिहासिक समारोह में उदय सिंह गौरा, अजीत सिंह, पंकज सिंह, मदन पंडित, दिलीप पंडित, नागो दास, भुनेश्वर तुरी, मनीष कुमार, गब्बर सिंह, इंद्रदेव यादव, सुरेश चौधरी, चंदन कुशवाहा, आशीष विद्यार्थी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
SKN भारत की नजर
सिमुलतला को प्रखंड बनाने की मांग वर्षों पुरानी है। परिवहन मंत्री दामोदर रावत का यह बयान क्षेत्र की जनता के लिए नई उम्मीद लेकर आया है। अब लोगों की निगाहें सरकार के आगामी प्रशासनिक फैसलों पर टिकी हैं कि सिमुलतला को आखिर कब उसका बहुप्रतीक्षित अधिकार मिल पाता है।
सिमुलतला को उसका हक दिलाने के लिए करूंगा हर संभव प्रयास : परिवहन मंत्री दामोदर रावत



