





लोकेशन: पश्चिम चंपारण रिपोर्ट: मोहम्मद इम्तियाज
पश्चिम चंपारण जिले के बगहा से बड़ी खबर सामने आई है, जहां 17 दिन बाद 11 वर्षीय गौतम कुमार का शव गंडक नदी किनारे बरामद होने के बाद भाजपा नेता तुषार सिंह ने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और परिवार को न्याय दिलाने का भरोसा दिया।खबर:बगहा नगर थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 26 स्थित रामधाम मंदिर निवासी तुलसी साह के 11 वर्षीय पुत्र गौतम कुमार का शव 17 दिन बाद रत्नमाला के समीप गंडक नदी किनारे बरामद हुआ। शव मिलने की खबर से परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


घटना की जानकारी मिलने के बाद भाजपा नेता तुषार सिंह मृतक गौतम के घर पहुंचे और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि गौतम के लापता होने के बाद से ही परिवार लगातार परेशान था। 17 दिन बाद उसका शव बरामद होना बेहद दुखद और पीड़ादायक है।तुषार सिंह ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि इस मामले को लेकर वरीय अधिकारियों से बातचीत की गई है। उन्होंने अधिकारियों से घटना की सभी पहलुओं से निष्पक्ष जांच कराने का आग्रह किया है, ताकि मामले की सच्चाई सामने आ सके।उन्होंने पुलिस और प्रशासन के वरीय अधिकारियों से मांग की कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएं, उनके आधार पर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाए।
