कोशी स्नातक निर्वाचन को लेकर मतदान दल का प्रथम चरण का प्रशिक्षण।




23 अक्टूबर को होगा मतदान, 27 अक्टूबर को मतगणना; मतदान कर्मियों को निर्वाचन प्रक्रिया और दायित्वों की दी गई जानकारी।

जमुई। बिहार विधान परिषद के कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन 2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में गुरुवार को जमुई स्थित सभाकक्ष में अपर समाहर्ता-सह-विभागीय जांच पदाधिकारी श्री बालमुकुंद प्रसाद के नेतृत्व में मतदान दल के पी-1, पी-2 एवं पी-3 मतदान कर्मियों का प्रथम चरण का प्रशिक्षण आयोजित किया गया।प्रशिक्षण के दौरान उप निर्वाचन पदाधिकारी जमुई मोहम्मद नजरुल हक एवं मास्टर ट्रेनर श्री संतोष कुमार ने मतदान कर्मियों को निर्वाचन प्रक्रिया, मतदान केंद्र पर उनकी भूमिका एवं दायित्वों की विस्तार से जानकारी दी।कर्मियों को मतपत्र एवं मतपेटिका के माध्यम से मतदान कराने की प्रक्रिया, आवश्यक प्रपत्रों के संधारण, निर्वाचन सामग्री के प्रबंधन तथा मतदान की गोपनीयता बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने मतदाताओं की पहचान, मतपत्रों के सही संधारण एवं मतदान सामग्री की सुरक्षा को लेकर विशेष सावधानी बरतने को कहा।प्रशिक्षण के दौरान मतदान केंद्र पर उत्पन्न होने वाली संभावित परिस्थितियों से निपटने तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्रवाई करने की जानकारी भी दी गई। अधिकारियों ने कहा कि निर्वाचन की विश्वसनीयता एवं पारदर्शिता बनाए रखने में मतदान कर्मियों की भूमिका महत्वपूर्ण है।प्रशिक्षणार्थियों को बताया गया कि कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 23 अक्टूबर 2026 को मतदान कराया जाएगा, जबकि 27 अक्टूबर 2026 को मतगणना निर्धारित है। सभी कर्मियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करने का निर्देश दिया गया।प्रशिक्षण में अपर समाहर्ता-सह-विभागीय जांच पदाधिकारी श्री बालमुकुंद प्रसाद, उप निर्वाचन पदाधिकारी मोहम्मद नजरुल हक, जिला सूचना एवं विज्ञान सहायक, मास्टर ट्रेनर श्री संतोष कुमार सहित प्रतिनियुक्त पी-1, पी-2 एवं पी-3 पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।
