Headlines

टेलवा बाजार क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा का सफल आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों में मानवीय मूल्यों को विकसित करना है।

टेलवा बाजार क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा आयोजित
टेलवा बाजार। अखिल विश्व गायत्री परिवार, शांतिकुंज हरिद्वार द्वारा संचालित भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा का आयोजन क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में किया गया। परीक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, अध्यात्म, जीवन मूल्यों एवं प्रेरणादायी प्रसंगों से परिचित कराना है।
परीक्षा का आयोजन क्षेत्र के गुरु कोचिंग सेंटर, बाल विकास ज्ञान मंदिर, मध्य विद्यालय तेलवा बाजार, उत्क्रमित मध्य विद्यालय गढ़ी तेलवा, महात्मा गांधी हाई स्कूल, उत्क्रमित उच्च विद्यालय खैरा, सर्वोदय पब्लिक स्कूल झाझा एवं उत्क्रमित उच्च विद्यालय सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों में किया गया।
आयोजक आशीष कुमार एवं आदित्य पांडेय के नेतृत्व में परीक्षा संपन्न कराई गई। परीक्षा में कक्षा 5वीं से 12वीं तक के सैकड़ों विद्यार्थियों ने भाग लिया।
इस दौरान परीक्षा में शामिल विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रश्नों के उत्तर दिए। आयोजकों ने बताया कि परीक्षा के पाठ्यक्रम में ऋषियों-महापुरुषों के प्रेरणादायी जीवन एवं विभिन्न सामाजिक संदर्भों को शामिल किया गया है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, अध्यात्म, विज्ञान तथा जीवन जीने की कला से परिचित कराने का प्रयास किया जाता है।
आदित्य पांडेय ने बताया कि देशभर में यह परीक्षा वर्ष 1997 से आयोजित की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की परीक्षाओं के माध्यम से विद्यार्थियों में जीवन को गरिमापूर्ण एवं मानवीय मूल्यों से प्रेरित होकर जीने की भावना विकसित करने का प्रयास किया जाता है।
आशीष कुमार ने परीक्षा के सफल आयोजन में सहयोग करने वाले विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *